पतंग
की तरह
लगता है
अपना भी जीवन .
पतंग
तय नहीं करती
अपनी दिशा
हवा का रुख
ही करता है विवश
निश्चित दिशा
की ओर उसकी उड़ान
और उड़ान की गति
होती है
किन्हीं हाथों में .
समय के थपेड़े
और
परिस्थितियां
ही तय करते हैं
हमारे जीवन की दिशा
और नियंत्रित होती है
गति
किन्हीं हाथों से .
खास अवसरों पर
लड़ाए जाते हैं
पेंच
मनोरंजन के लिए
जो पतंग से ज्यादा
उनके मालिकों के बीच
होते हैं
शीतयुद्ध जैसे .
पतंग से
नहीं पूछता कोई
कि कैसा लगता है उसे
जब लड़ाया जाता है
मन बहलाव के लिए
अपना वर्चस्व दिखाने के लिए .
डोर चाहे
कितनी भी मजबूत
क्यों न हो
कटना ही उसकी
नियति है
रंग बिरंगी
पतंगों के
भाग्य की
विडंबना ही है कि
उन्हें खुद नहीं पता
कि कटने के बाद
गिरेंगी किसके आँगन
या फिर किसी
तरू शाख पर
झूलती रहेंगी
चिंदी चिंदी होने तक .


